5 सितंबर 2019 - 18:35
 ओएफ़एसी एक जेल वार्डन से अधिक कुछ नहीं है, ज़रीफ़

ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अमरीकी ट्रेज़री के ऑफ़िस ऑफ़ फ़ॉरेन एस्सेट्स कंट्रोल (OFAC) की आलोचना करते हुए कहा है कि यह संस्था दूसरे देशों के साथ जेल वार्डन की तरह सुलूक करती है।

ABNA: ग़ौरतलब है कि तेहरान के ख़िलाफ़ वाशिंगटन के प्रतिबंधों के पीछे मुख्य भूमिका यूएस ट्रेज़री ऑफ़िस ऑफ़ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल की ही मानी जाती है।

ज़रीफ़ ने ट्वीट करके कहा, ओएफ़एसी एक जेल वार्डन से अधिक कुछ नहीं है।

उन्होंने कहा, अगर किसी क़ैदी ने सज़ा में कमी की मांग करने की हिम्मत की तो उसे काल कोठरी में धकेल दिया जाएगा और अगर यही मांग उसने दोबारा की तो फिर उसे फांसी पर भी चढ़ाया जा सकता है।

इस बीच, ईरानी विदेश मंत्री ने गुरुवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में तीसरे हिंद-महासागर रिम एसोसिएशन ब्लू इकोनॉमी मंत्रि स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, क्षेत्रीय सुरक्षा को बाहर से नहीं ख़रीदा जा सकता है, तेहरान क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर क्षेत्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के लिए तैयार है।

ज़रीफ़ ने कहा कि नीली अर्थव्यवस्था तभी पनपेगी जब समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, और इस तरह की स्थिरता और सुरक्षा केवल क्षेत्रीय देशों के बीच सामूहिक सहयोग के माध्यम से ही हासिल हो सकती है और इसे बाहर से नहीं ख़रीदा जा सकता है।

.................

300